विंध्य तीर्थ विकास परिषद के भवन पर डीएम की नजर, गुणवत्ता में चूक हुई तो होगी कार्रवाई

 


मीरजापुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बुधवार को विंध्याचल के परसिया में निर्माणाधीन विंध्य तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता परखी। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं से निर्माण पूरा होने की समय सीमा की जानकारी भी ली।

डीएम ने भवन के भूतल, प्रथम तल, कार्यालय कक्ष, श्रद्धालुओं के प्रतीक्षालय और पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंताओं से भवन के नक्शे, एस्टीमेट और अब तक कराए गए कार्यों का विवरण लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्माण में मानक के अनुरूप सीमेंट, सरिया और अन्य सामग्री का इस्तेमाल करने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

डीएम ने अधिशासी अभियंता को निर्माण सामग्री की थर्ड पार्टी जांच कराने और प्रतिदिन कार्य की प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, विंध्य तीर्थ विकास परिषद के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा