विंध्य पौध प्रसादम से हरित आस्था का संदेश, दो लाख से अधिक पौधे बांटे
मीरजापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिला प्रशासन की पहल पर विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ निःशुल्क पौधे वितरित करने की 'विंध्य पौध प्रसादम' योजना को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अब तक दो लाख से अधिक पौधों का वितरण किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ हरित आस्था को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि विंध्याचल धाम में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं और नवरात्र मेले की भीड़ को देखते हुए यह योजना शुरू की गई थी। पिछले नवरात्र मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं के बीच विंध्य पौध प्रसादम का वितरण किया था।
इसी क्रम में श्रद्धालुओं के लिए विंध्य प्रसादम बॉक्स भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें मां विंध्यवासिनी का प्रसाद, स्मृति सामग्री और पूजा सामग्री एक ही बॉक्स में उपलब्ध कराई जा रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा इन उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका को भी बढ़ावा मिल रहा है।
प्रशासन का कहना है कि त्रिकोण दर्शन मार्ग पर विंध्यवासिनी, अष्टभुजा और कालीखोह आने वाले लाखों श्रद्धालुओं तक स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा