विंध्य मार्ट से बढ़ेगी महिलाओं की आय, गांव में खुला आत्मनिर्भरता का नया केंद्र
मीरजापुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जमालपुर विकासखंड के डोहरी गांव में शुक्रवार को विंध्य मार्ट का शुभारंभ किया गया। ब्लाॅक प्रमुख मंजू सिंह ने फीता काटकर मार्ट का उद्घाटन किया और महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विंध्य मार्ट का संचालन राधिका आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य दुर्गा देवी द्वारा किया जाएगा। इस मार्ट के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की बिक्री की जाएगी, जिससे उन्हें अपनी आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ब्लाॅक प्रमुख मंजू सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल अपनी आजीविका सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि अपने परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं को भी बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ऐसे प्रयास महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और इससे गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बीडीओ रक्षिता सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर आय अर्जित कर रही हैं और तेजी से स्वावलंबन की ओर बढ़ रही हैं। विंध्य मार्ट उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनेगा।
मार्ट में नमकीन, सरसों का तेल, देशी घी, साड़ियां, क्रीम, सैनिटरी पैड, कालीन, कंगन, फिनायल, हार्पिक, सौंदर्य प्रसाधन समेत अनेक उपयोगी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर विविध वस्तुएं आसानी से मिल सकेंगी।
इस अवसर पर पूर्व ब्लाॅक प्रमुख आनंद सिंह बंटू, अमरनाथ सिंह, राकेश सिंह, एडीओ आईएसबी मुकेश शर्मा, ग्राम सचिव रोहित सिंह, संतोष मौर्य, नीलेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा