सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य नवीन अवस्थी मुख्यमंत्री प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

 


महोबा, 27 नवंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जिले के चरखारी कस्बा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं सराहनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।

शुक्रवार को प्रधानाचार्य ने इस सम्मान को किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और परिश्रम का प्रतिफल बताया है। शुक्रवार को जिले के चरखारी कस्बा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ आचार्य जयकरण मिश्र एवं रामबहादुर ने प्रधानाचार्य नवीन कुमार का तिलक लगाकर, बैज पहनाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ आचार्य रामबहादुर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र को समस्त भैया-बहिनों एवं आचार्य परिवार के समक्ष पढ़कर सुनाया। वरिष्ठ आचार्य जयकरण मिश्र ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में प्रधानाचार्य के व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को संपूर्ण विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया है।

प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण और परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने इसका श्रेय छात्र छात्राओं की लगन, आचार्य परिवार की निष्ठा और प्रबंध समिति के मार्गदर्शन को दिया है। प्रधानाचार्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। समारोह के बाद पूरे विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। इस अवसर पर सभी ने प्रधानाचार्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी