जरूरतमंद को न्याय के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े : जनपद न्यायाधीश

 


फिरोजाबाद, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को एक विशाल मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में न्याय विभाग के साथ-साथ सभी प्रमुख विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर आम जनमानस को जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया। इस अवसर पर कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, डीआरडीए विभाग के अधिकारियों द्वारा अपनी योजनाओं को विस्तार से बताया गया। सभी विशिष्ट अतिथियों ने इस दौरान लगे स्टालों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश बब्बू सारंग ने कहा कि हमारा प्राथमिक उद्देश्य है कि किसी पीड़ित या जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, न्याय और सरकारी योजनाएं सेवा एवं सहायता के मूल मंत्र के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए

उन्होंने अधिवक्ताओं को भी उनके सामाजिक और विधिक दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन हेतु प्रेरित किया।

विशिष्ठ अतिथि मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने विकास और न्याय विभाग के सफल समन्वय की सराहना की, उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य युवाओं की प्रतिभा को उचित मुकाम दिलाना है, इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए जिलाधिकारी की प्रेरणा से जनपद के स्कूल और ग्राम पंचायत में आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा को नया आयाम मिल सके।

मुख्य न्यायाधीश फैमिली कोर्ट ने जोर दिया कि पति-पत्नी को आपसी मन मुटाव का निपटारा आपसी सहमति और विधिक मध्यस्था केंद्रों के माध्यम से करना चाहिए।

इस दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा ने किया।

शिविर के अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार द्वितीय, सर्वेश कुमार पांडेय सहित सभी न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़