डिजिटल दौर में पत्रकारिता के लिए तकनीकी दक्षता जरूरी: बृजेश सिंह
जाैनपुर, 13 अगस्त (हि.स.) । यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में गुरुवार को पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों और मीडिया के बदलते स्वरूप पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। विभाग के पूर्व विद्यार्थी एवं लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार बृजेश सिंह ने विद्यार्थियों को डिजिटल दौर में पत्रकारिता के लिए तकनीकी दक्षता के साथ लेखन, संवाद कौशल और कैमरे के सामने प्रभावी प्रस्तुति के महत्व की जानकारी दी।
बृजेश सिंह ने कहा कि एक समय पत्रकारिता मुख्य रूप से अखबार और टेलीविजन तक सीमित थी, लेकिन डिजिटल मीडिया के विस्तार के साथ इसका स्वरूप तेजी से बदला है। आज गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट तैयार करने वाले प्रतिभाशाली लोगों की मांग बढ़ रही है। मीडिया संस्थानों को ऐसे मल्टी-स्किल प्रोफेशनल्सकी आवश्यकता है, जो लेखन के साथ वीडियो निर्माण, कैमरा फेसिंग और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में भी दक्ष हों।
उन्होंने विद्यार्थियों को लेखन की बारीकियां समझाते हुए कहा कि बोलना आसान है, लेकिन प्रभावी ढंग से लिखना कठिन है। पत्रकारिता में बेहतर लेखन के लिए निरंतर अभ्यास जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने लिखे कंटेंट को बार-बार पढ़कर उसमें सुधार और संपादन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना अधिक व्यक्ति अपने लेखन और प्रस्तुति पर काम करेगा, पत्रकारिता में उसकी राह उतनी ही आसान होगी।
जनसंचार विभाग के ऑडियो-विजुअल स्टूडियो में उन्होंने विद्यार्थियों को साक्षात्कार लेने और कैमरे के सामने प्रभावी प्रस्तुति की व्यावहारिक जानकारी दी। सवाल पूछने के तरीके, बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास और कैमरे के सामने सहज रहने की तकनीक भी समझाई। विभाग के शिक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने प्रायोगिक रूप से टेलीविजन इंटरव्यू की तकनीक बताते हुए विद्यार्थियों को प्रभावी सवाल पूछने और साक्षात्कार को स्वाभाविक संवाद में बदलने के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि बेहतर कंटेंट और प्रभावी प्रस्तुति की क्षमता रखने वाले युवाओं के लिए डिजिटल मीडिया में व्यापक अवसर हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज मिश्र ने वरिष्ठ पत्रकार बृजेश सिंह का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनील कुमार ने किया। संचालन डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने किया। इस अवसर पर डॉ. चन्दन सिंह, डॉ. अमित मिश्र, आनंद सिंह, पंकज सिंह सहित विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव