10 दिसंबर तक शहीद उद्यान का कार्य पूर्ण करने का अल्टीमेटम, अधिशासी अभियंता को नोटिस

 


—नगर आयुक्त ने कार्यों का लिया जायजा, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

वाराणसी, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम के विकास कार्यों को गति देने के लिए नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी एक्शन में है। नगर आयुक्त ने सोमवार को सिगरा क्षेत्र स्थित सोनिया तालाब और शहीद उद्यान के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों ही स्थानों पर कार्यों की धीमी गति और लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी फर्मों और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों को पूरा करने की अंतिम समय-सीमा निर्धारित कर दी है।

निरीक्षण के दौरान सिगरा स्थित शहीद उद्यान में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य तय समय से काफी पीछे और बेहद धीमी गति से चलता मिला। कार्यों में प्रभावी पर्यवेक्षण के अभाव को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता (सिविल) अगम कटियार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि 10 दिसंबर तक कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित कार्यदायी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र, कुणाल कालरा (आर्किटेक्ट) समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

—सोनिया तालाब का निरीक्षण

वहीं, सिगरा स्थित सोनिया तालाब के निरीक्षण के दौरान सौंदर्यीकरण का कार्य पूरी तरह बंद मिला और तालाब में पानी भी भरा हुआ था। प्रगति अत्यंत धीमी मिलने पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी फर्म की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वप्रथम तालाब में शेष बचे पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कार्यस्थल पर श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर युद्धस्तर पर काम शुरू किया जाए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 25 दिसंबर तक सौंदर्यीकरण का समस्त कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो जाना चाहिए। तय समय पर काम पूरा न होने पर फर्म के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी