वाराणसी के हुकुलगंज व नई बस्ती में 119 करोड़ रूपये की लागत से बिछेगी सीवर लाइन

 


—सीवरेज योजना में सुस्ती पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी

वाराणसी, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को (वार्ड हुकुलगंज एवं नई बस्ती) सीवरेज योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की। निरीक्षण में कार्य की गति अत्यंत धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था व ठेकेदार फर्म को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

119.35 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा कराई जा रही है । इसका कार्य मैसर्स ईएमएस लिमिटेड, गाजियाबाद द्वारा कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान सामने आया कि अब तक योजना की भौतिक प्रगति महज पांच प्रतिशत ही हो सकी है, जबकि वर्तमान में केवल 350 मीटर सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा हुआ है। इस सुस्त चाल पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए फर्म के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं हुआ या दिए गए निर्देशों की अवहेलना की गई, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

——दो वार्डों को मिलेगा सीधा लाभ

नगर आयुक्त के अनुसार, इस सीवरेज योजना के पूर्ण होने से हुकुलगंज और नई बस्ती वार्ड के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के तहत कुल 38.887 किमी लंबे सीवर लाइन का जाल बिछाया जाना है। इसके अलावा 6,561 सीवर गृह संयोजन (हाउस कनेक्शन) दिए जाएंगे तथा 1 सीवेज पम्पिंग स्टेशन का निर्माण भी प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय भाजपा पार्षद राजेश यादव व बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता वृजेश कुमार, सहायक अभियंता पीयूष वर्मा, अवर अभियंता रामचन्द्र राय आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी