मीरजापुर: यूपी-एमपी सीमा मार्ग 3555.77 लाख से होगा चौड़ा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया ने किया भूमि पूजन
मीरजापुर, 16 जून (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को हलिया ब्लॉक के देवरी बाजार में हरबरा एमपी बॉर्डर तक मार्ग चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मीरजापुर द्वारा किया गया।
परियोजना के तहत 10.50 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 3555.77 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। वर्तमान में 3 मीटर चौड़ी इस सड़क को बढ़ाकर 7 मीटर चौड़ा किया जाएगा तथा इसे डामरयुक्त मजबूत सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। निर्माण कार्य 5 जून 2026 से प्रारंभ होकर 4 जून 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। परियोजना में नाली निर्माण, ह्यूम पाइप पुलिया, रोड सेफ्टी साइनेज, विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर तथा जल निगम की पाइपलाइन शिफ्टिंग के कार्य भी शामिल हैं।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। इससे हलिया क्षेत्र के परसिया, महोखर, करीदिया, सूरजगढ़, हरबरा समेत आसपास के हजारों ग्रामीणों को जिला, तहसील और ब्लॉक मुख्यालय तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में भाजपा एवं अपना दल (एस) के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा