स्कॉर्पियो की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
- भतीजे को स्कूल ड्रेस दिलाने जा रहे थे राजेश, पुरजागिर के पास हुआ हादसा
मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र में मीरजापुर-औराई मार्ग पर पुरजागिर गांव के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विष्णुपट्टी गांव निवासी राजेश (48) मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे अपने भतीजे सुजीत (13) को बाइक पर बैठाकर स्कूल की ड्रेस दिलाने मीरजापुर जा रहे थे। पुरजागिर गांव के पास पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर भागा, लेकिन चील्ह थाने से करीब 200 मीटर दूर मलाधरपुर गांव के पास वाहन खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
राजेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं। वहीं सुजीत दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह श्रीपट्टी स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। दो मौतों से परिवार में कोहराम मचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा