देवरिया में यूजीसी फैसलों के विरोध में जन आक्रोश रैली, नियम वापस लेने की मांग

 


देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के बैतालपुर स्थित थापर इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को यूजीसी संघर्ष समिति के तत्वावधान में जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न क्षेत्रों से आए वक्ताओं और लोगों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के हाल ही में लिये गये फैसलों का कड़ा विरोध करते हुए उन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की।

रैली में रवि प्रकाश मिश्रा ‘छोटे’ ने यूजीसी के प्रावधानों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि इन फैसलों से समाज में विभाजन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन निर्णयों को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और लोग सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे। रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम का प्रभाव व्यापक रहा। आयोजकों ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक