उत्तर प्रदेश आज देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है : योगेंद्र उपाध्याय

 


फिरोजाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। सरकार अपने 9 वर्ष उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के नौ वर्ष के रूप में मना रही है। उन्होंने पूर्व की सपा सरकार पर भी तंज कसा।

उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बुधवार को पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ ही जनपद फिरोजाबाद में भी इन वर्षों में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और तकनीक आधारित सुशासन के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। प्रदेश के साथ-साथ जनपद फिरोजाबाद भी आज भयमुक्त, निवेश अनुकूल, पर्यटन एवं संस्कृति विकास तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में तेजी से विकसित होने वाला जनपद बनकर उभर रहा है। प्रदेश में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई। वर्ष 2017 से अब तक जनपद फिरोजाबाद में कोई सांप्रदायिक दंगा या जातिगत संघर्ष नहीं हुआ। यूपी-112 का रिस्पांस टाइम 1 घंटा 5 मिनट से घटकर 6 मिनट 41 सेकेंड हो गया।

फिरोजाबाद में पर्यटन विभाग के अन्तर्गत 375 करोड़ की लागत से 115 परियोजनाओं का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जनपद में सड़क निर्माण कार्य किए गए है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना (विकसित भारत रोजगार एण्ड आजीविका मिशन (ग्रामीण)) जनपद फिरोजाबाद में गत 09 वर्षों में कुल 6 लाख 60 हजार श्रमिकों को रोजगार प्रदान किया गया। मनरेगा योजनान्तर्गत 274 अमृत सरोवर, 301 पार्क, खेल का मैदान, 74 मॉडल शॉप (राशन दुकान), 53 आंगनबाडी केन्द्रों का निर्माण कराया गया है। जल जीवन मिशन (हर घर जल) योजनांर्तगत रेट्रो फिटिंग पाइप पेयजल योजनान्तर्गत 106.75 करोड़ से ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति से सम्बन्धित कार्य कराये गये।

जनपद फिरोजाबाद में 4609 करोड़ के एम०ओ०यू० 166 निवेशकों के साथ हस्ताक्षर किये गये, जिसमें से 101 एम०ओ०यू० इकाइयां स्थापित हो चुकी हैं। 6 लाख रोजगार सृजन हो चुका है। एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजनान्तर्गत 525 लाभार्थियों को कुल 217.09 करोड़ का ऋण वितरण किया गया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजनान्तर्गत कुल 1853 लाभार्थियों को 75.22 करोड़ का ऋण वितरण किया गया। एक जनपद एक उत्पाद टूल किट प्रशिक्षण योजनान्तर्गत कुल 1775 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान कर टूल किट वितरण किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत कुल 5550 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान कर टूल किट वितरण किया गया।

उन्हाेंने कहा कि, जनपद फिरोजाबाद में नये उद्योगों की स्थापना हेतु 03 प्रमुख स्थलों पर यू०पीडा और उद्योग विभाग द्वारा भूमियों के अधिग्रहण और विकास का कार्य कराया गया है। इसके अलावा अन्य विभागों में विकास कार्यों के साथ ही उनसे जुड़ी योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। कैबिनेटं मंत्री ने कहा कि पूर्व की सपा सरकार पर सैफई में ठुमके लगाने के लिए पैसे थे, लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए पैसे नहीं थे। आज भाजपा सरकार में स्वास्थ, शिक्षा व अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़