वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

 


- करौंदा गांव के पास हादसा, सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

मीरजापुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में संतनगर थाना क्षेत्र के लालगंज-कलवारी मार्ग पर करौंदा गांव के पास शनिवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार राजगढ़ थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय दिनेश अपने ससुराल मलुआ आया था। वहां से मलुआ निवासी 28 वर्षीय शत्रुधन और 39 वर्षीय सूरज के साथ एक बाइक से तीनों दीपनगर जा रहे थे। करौंदा गांव के पास सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना पर पहुंची संतनगर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को पीएचसी पटेहरा पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. विभूति नारायण मिश्र ने दिनेश और शत्रुधन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज का उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर रमेश प्रसाद ने बताया कि हादसे के बाद फरार वाहन और चालक की तलाश सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा