टिनशेड में करंट आने से महिला सहित दो लोगों की मौत
फिरोजाबाद, 09 जून (हि.स.)। थाना मक्खनपुर क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को टिनशेड में करंट आने से महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना से गांव में मातम छा गया। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी महिला नीलेश के घर के बाहर पड़े टिनशेड में शॉर्ट सर्किट से मंगलवार को करंट आ गया। इस दौरान महिला खंभे के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गई। यह देख पड़ोसी युवक विजय शर्मा ने महिला को बचाने का प्रयास किया इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर ग्रमीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। गंभीर रूप से झुलसे दोनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली।
थाना प्रभारी मक्खनपुर चमन शर्मा ने बताया कि गांव कल्याणपुर में दो लोगों की करंट से मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। करंट से महिला और उसको बचाने के प्रयास में युवक की मौत हुई है। विधिक कार्रवाई के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़