नेशनल जीडीपी में टूरिज्म सेक्टर की सहभागिता काे दस प्रतिशत तक लें जाएं : केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
वाराणसी, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में नदेसर स्थित होटल ताज गैंगेज में चल रहे फेडरेशन ऑफ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के 56वें वार्षिक अधिवेशन के अंतिम दिन रविवार को भारत सरकार के संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल हुए।
उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में टूरिज्म सेक्टर को आगे लेकर जाएं। टूरिज्म सेक्टर अभी छह प्रतिशत ही नेशनल जीडीपी में सहभागिता करता है। उन्हाेंने कहा कि हम इसे 10 प्रतिशत तक लेकर जाएंगे। भारत को आगे ले जाने में होटल इंडस्ट्री को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यह सामान्य इंडस्ट्री नहीं है बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने वाली इंडस्ट्री है।
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आगे कहा कि उन्हें सार्वजनिक जीवन में कार्य करते हुए 35 वर्ष से ज्यादा का समय हो गया है। इस सार्वजनिक जीवन में अनेक बार ऐसा अवसर आया, जब इस तरह की कॉन्फ्रेंस में जाने का मौका मिला। जब मैं सीमा पर कार्य करता था तो बॉर्डर की कॉन्फ्रेंस में जाता था। स्टूडेंट था तो स्टूडेंट की कॉन्फ्रेंस में जाकर अपनी बात रखता था। मैं अपने उन अनुभव से एक बात जानता हूं और जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि लंच के बाद के सेशन में लाेगाें जगाए रखना बहुत बड़ी चुनौती हाेती है। आप सभी बड़ी संख्या में यहां आए हैं तो यह एक उद्देश्य पूर्ण कार्यक्रम हो रहा है। भारत की अर्थ व्यवस्था को सुदृढ़ करने में होटल उद्यमियों ने बहुत परिश्रम किया है। होटल उद्यमियों की मेहनत है कि विश्व की अर्थ व्यवस्था में भारत चौथे स्थान पर आ चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद