लखनऊ का तिहरा हत्याकांड : पुलिस महानिदेशक ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, आरोपितों पर होगी कड़ी कार्रवाई
लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर को कार पार्किंग के विवाद में तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढास बंधाते हुए कहा कि आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उनको उचित न्याय का दिलाया जाएगा।
डीजीपी ने शुक्रवार को ब्राह्मणी टोला पहुंचकर सबसे पहले घटनास्थल का मुआयना किया। फिर पीड़ित परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी ने पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा के साथ मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग की है।
उन्होंने डीजीपी से अन्य आरोपितों का एनकाउंटर करने की मांग की। डीजीपी ने परिवार को आश्वासन दिया कि आरोपित को कड़ी सजा मिलेगी। इस केस की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होगी और परिवार को पूरी सुरक्षा का भरोसा भी दिया है। परिवार का कहना है कि ऋषभ शुक्ला का चाचा राजेश शुक्ला पहले से अपराधी है। उसके कहने पर ऋषभ ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद राजेश शुक्ला और उसकी बहन दिव्या फरार हैं। उन पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। राजेश के खिलाफ पहले ही उसे गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई कर जिला बदर किया गया था।
उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर को सआदतगंज में पार्किंग और चबूतरे के विवाद में ऋषभ शुक्ला ने अपने ही पड़ोसी सचिवालय से रिटायर्ड कर्मचारी और आरएसएस के जिला कार्यवाह रहे शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और शिवाजी तिवारी के पुत्र सुयश तिवारी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुयश तिवारी का पांच दिसंबर को विवाह होना था। वहीं, घटना के बाद पीड़ित परिवार, भाजपा के लोगों ने घटना में शामिल आरोपितों पर कठोर कार्रवाई के लिए शवों को रखकर हंगामा किया था। परिवार के लोग उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और डीजीपी को बुलाने की मांग की थी। उपमुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिवार को आश्वासत किया था कि आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद पुलिस ने देर रात को ही आरोपित की अवैध निर्माण को धवस्त किया था। शुक्रवार को डीजीपी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक