अटल जी की पुण्यतिथि पर भाजपाइयों ने किया नमन, राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प

 


- भाजपा जिला कार्यालय में पुष्पांजलि सभा, जिलाध्यक्ष ने बताया अटल जी को राजनीति का युगपुरुष

मीरजापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय बरौधा कचार के सभागार में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों, राष्ट्रभक्ति और उत्कृष्ट नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में शुचिता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके ओजस्वी व्यक्तित्व, कुशल नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। अटल जी के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन और देश के लिए किए गए योगदान को भी याद किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शरदिन्दुमणि त्रिपाठी, गौरव ऊमर, इन्द्र कुमार सिंह, सुनीता शर्मा, उदयभान तिवारी, जिला महामंत्री डॉ. सीएल बिन्द, स्वामीनाथ सिंह, जिलामंत्री वीरेन्द्र प्रताप यादव, मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा, जिला कार्यालय मंत्री मनोज दूबे, राकेश बिन्द, पुष्पेन्द्र द्विवेदी, शशिभूषण तिवारी, पंकज सिंह चन्देल, राजन वर्मा, वीरेन्द्र कुमार मौर्य, विजयशक्ति दूबे, शुभम जायसवाल, आशुतोष पाठक, नितिन केशरवानी और प्रवीण दूबे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा