ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
कानपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मालगाड़ी के लोको पायलट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना जहांगीराबाद गांव के पास की है। मृतक की पहचान गांव निवासी राम बहोरी (40) के रूप में हुई। वह अविवाहित था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, राम बहोरी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। उसका कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि आज वह घर से निकला था। इसके बाद गांव के किनारे से गुजरने वाली कानपुर-बांदा रेलवे लाइन पर पहुंच गया। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मालगाड़ी के लोको पायलट ने पतारा स्टेशन मास्टर को दी। वहां से सूचना मिलने पर पतारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद परिजनों को जानकारी दी।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप