ब्रेक फेल होने से गिट्टी लदा ट्रेलर बेकाबू, हादसे में पिकअप चालक की मौत
- पिकअप और मिर्च लदे ट्रक में मारी टक्कर, ट्रेलर-ट्रक पलटे; तीन घायल
मीरजापुर, 06 सितंबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज क्षेत्र में मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर रविवार सुबह करीब पांच बजे गिट्टी लदे ट्रेलर का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर ने बगल से गुजर रहे पिकअप वाहन और आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक, ट्रक चालक और खलासी घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रेलर और ट्रक सड़क पर पलट गए।
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से गिट्टी लादकर ट्रेलर बिहार के छपरा जा रहा था। बड़का मोड़ पर पहुंचते ही अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। बेकाबू ट्रेलर ने नारियल लादकर मीरजापुर जा रहे पिकअप को टक्कर मारते हुए आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक को भी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में पिकअप चालक 36 वर्षीय रावेंद्र बसोर निवासी गूढ़, जिला रीवा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ट्रक चालक 44 वर्षीय हाकिम सिंह निवासी राजपुर, कानपुर देहात के सिर में चोट आई। वहीं ट्रेलर चालक 30 वर्षीय भैया लाल यादव निवासी सराय गोकुल, गाजीपुर के सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं। ट्रेलर में मौजूद खलासी तारा यादव को मामूली चोट लगी। घायल ट्रेलर चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
ट्रक चालक हाकिम सिंह ने बताया कि वह तेलंगाना से मिर्च लादकर गोरखपुर जा रहा था। ड्रमंडगंज घाटी में पीछे से गिट्टी लदे ट्रेलर ने ट्रक में टक्कर मार दी, जिससे ट्रक मोड़ पर पलट गया। ट्रक में मौजूद खलासी अकबर निवासी तेलंगाना बाल-बाल बच गया। पुलिस ने उसका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में उपचार कराया, जहां उसकी हालत सामान्य है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार, एसआई पुनीत गुप्ता, हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव, इंद्रजीत यादव और कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से पलटे ट्रक और ट्रेलर को राष्ट्रीय राजमार्ग से किनारे हटवाया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक रावेंद्र के परिजन भी थाने पहुंच गए। उनके भतीजे अनुज बसोर ने बताया कि रावेंद्र नारियल लादकर मीरजापुर जा रहे थे, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेलर का ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। पिकअप चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा