वाराणसी : हबीबपुरा में गलियों की मरम्मत के कारण रोका गया रास्ता, वाहन चालकों में भारी आक्रोश

 


वाराणसी, 06 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी में पितृ पक्ष के समापन से पहले पिशाच मोचन क्षेत्र में भारी भीड़ है, ऐसे में दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों को पिशाच मोचन कुंड मार्ग की ओर नहीं जाने दिया जा रहा है। वाहन चालकों को हबीबपुरा होते हुए लहुराबीर के लिए निकाला जा रहा है। मंगलवार को हबीबपुरा में दुर्गा पूजा पंडाल लग जाने के कारण आसपास की गलियों की मरम्मत कार्य के लिए नगर निगम द्वारा बांस बल्ली लगाकर रास्ता रोक दिया गया। जिसके बाद सकरी गलियों में वाहनों की रफ्तार रुक गई और वाहन चालकों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

हबीबपुरा की गलियों में बड़ी संख्या में वाहन चालकों के आवागमन के बीच बांस बल्ली लग जाने के कारण भीषण जाम जैसी स्थिति भी बन गई। बांस बल्ली लगने के बाद वहां रहने वाले स्थानीय लोगों में भी गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासी ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि नगर निगम को प्रातः काल या रात्रि के समय गलियों की मरम्मत का कार्य करना चाहिए। बांस लगा देने से भारी समस्या हो रही है। वाहनों के हाॅरन से रहने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।

महिला सरिता देवी ने कहा कि शांत गलियों में अचानक से शोर होने लगा, ग्यारह बजे के बाद से बांस बल्ली लगाई गई और जाम जैसी स्थिति गलियों में हो गई। स्थानीय भाजपा पार्षद को फोन कर सूचित किया गया। उन्होंने बताया है कि वह नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता कर जाम हटाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। फिर भी अभी तक कुछ नहीं हुआ है, करीब दो घंटे में गलियों में जाम बना हुआ है।

जाम में फंसे लोगों ने कहा कि अचानक से इस तरह से बांस बल्ली लगा देना बिल्कुल ठीक नहीं है। जबकि पिशाच कुंड का रास्ता भी बंद है। सकरी गलियों से निकलने में जब दो पहिया वाहनों को बेहद कठिनाई हो रही है तो फिर तीन पहिया की क्या स्थिति बनेगी।

वही, नगर निगम के जोन कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा की गलियों की मरम्मत के कारण बांस बल्ली लगना स्वाभाविक है। मरम्मत के दौरान वाहनों का आना जाना बंद रहेगा। आज शाम तक ही बांस बल्ली हटाई जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद