देवारिया : विश्व पर्यटन दिवस पर हुआ कार्यक्रम, होटल एवं आवासीय इकाइयों के प्रबंधक-संचालक रहे उपस्थित

 




देवरिया, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को सीसी रोड स्थित एक होटलमें कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न होटल एवं आवासीय इकाइयों के प्रबंधकों-संचालकों के साथ ट्रेवल एजेंसी संचालकों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद देवरिया के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार और अग्निशमन अधिकारी द्वितीय विशाल यादव ने होटल एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

पर्यटन सूचना अधिकारी प्राण रंजन ने विश्व पर्यटन दिवस के महत्व और देवरिया की पर्यटन संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने होटल उद्यमियों और ट्रेवल एजेंसी संचालकों को पर्यटन नीति-2022 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही पर्यटन क्षेत्र के विकास में निजी क्षेत्र की भूमिका पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिले के पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक बनाने, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने पर्यटन विकास में होटल, ट्रेवल एजेंसियों और अन्य संबंधित लोगों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक