क्रांतिकारियों के बलिदान को नमन करने उमड़ा जनसैलाब, तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयकारे

 


मीरजापुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी की पावन धरती मंगलवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के नारों से विंध्यधाम गूंज उठा।

भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता और मझवां विधायक सुचिष्मिता मौर्या के नेतृत्व में यात्रा शुरू हुई। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तिरंगे के साथ कदमताल करते लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

विधायक सुचिष्मिता मौर्या ने कहा कि मां विंध्यवासिनी की धरती से निकली यह तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर क्रांतिकारियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। आजादी महज एक तारीख नहीं, बल्कि अनगिनत वीरों के बलिदान की अमर गाथा है। इस गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का दायित्व है।

यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा