औरैया पुलिस अधीक्षक ने दिबियापुर थाना में तैनात तीन सिपाही काे निलंबित किया
औरैया, 25 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो प्रकरण में दिबियापुर थाना में तैनात तीन सिपाहियों पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद शनिवार को यह कार्रवाई की गई। निलंबित सिपाहियों में अनिल जुरैल, दिलीप शर्मा और प्रवीण कुमार शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दो दिन पहले सिपाही अनिल जुरैल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह मिट्टी लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर चालक से बातचीत करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद आरोप लगा कि ट्रैक्टर चालक पर दबाव बनाकर यह वीडियो जारी कराया गया। मामला चर्चा में आने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने इसे गंभीरता से लिया और जांच क्षेत्राधिकारी (सिटी) शैलेन्द्र सिंह को सौंपी।
सीओ सिटी ने मामले की प्राथमिक जांच कर अपनी रिपोर्ट एसपी को सौंपी। जांच में तीनों सिपाहियों की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध और दोषपूर्ण पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने सिपाही अनिल जुरैल, दिलीप शर्मा और प्रवीण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार