वाराणसी : अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी सहित कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, चला सघन चेकिंग अभियान

 


वाराणसी, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद की कचहरी और वरिष्ठ अधिवक्ता व बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी वरिष्ठ अधिवक्ता के मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात अधिवक्ता के मोबाइल नंबर पर संदेश आया, जिसमें बनारस कचहरी को बम से उड़ाने और उन्हें भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। सुबह संदेश पर नजर पड़ते ही श्रीनाथ त्रिपाठी ने बार एसोसिएशन, जिलाधिकारी और जिला जज को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, एसीपी कैंट और इंस्पेक्टर कैंट तत्काल कचहरी परिसर पहुंचे। एहतियातन बम निरोधक दस्ता (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली।

जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र जिला जज, वाराणसी को सौंप दिया है। जिला प्रशासन ने भी आश्वस्त किया है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

धमकी की घटना को देखते हुए अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार के धमकी भरे संदेशों से भय का वातावरण बन सकता है, इसलिए कचहरी परिसर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर अधिवक्ताओं ने बैठक बुलाकर एकजुटता भी दिखाई।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती (शंकराचार्य) के अधिवक्ता हैं और उनके विरुद्ध दर्ज पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में न्यायालय में पैरवी कर रहे हैं। घटना के बाद पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।

वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस में जॉइंट पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को बम से संबंधित मिली धमकी को लेकर तत्काल ही मुकदमा लिखकर कार्रवाई के निर्देश दिया गया है। साथ ही कचहरी परिसर को सुरक्षा के दृष्टि से खंगाला जा रहा है। किसी प्रकार की कोई आपत्तिजनक वस्तु अभी तक नहीं मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद