2083 दीपों से जगमगाया मड़िहान, हिंदू नववर्ष पर उमड़ा आस्था और उत्साह का सैलाब
मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। मड़िहान में हिंदू नववर्ष संवत् 2083 का स्वागत इस बार कुछ खास अंदाज में हुआ। आस्था, उत्साह और एकता के अद्भुत संगम ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। सुबह की पहली किरण के साथ ही नववर्ष का जश्न शुरू हो गया और दिन चढ़ते-चढ़ते मड़िहान एक भव्य उत्सव स्थल में तब्दील हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीपनगर से निकले भव्य बाइक जुलूस से हुई, जिसका नेतृत्व राजेश सिंह हिंद ने किया। जुलूस कलवारी बाजार होते हुए मड़िहान तिराहे पर पहुंचा, जहां डीजे की धुनों, गाजा-बाजा और देशभक्ति व धार्मिक गीतों पर युवाओं का उत्साह चरम पर दिखा। इस आयोजन का सबसे आकर्षक और भावुक पल तब आया, जब एक साथ 2083 दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। दीपों की रोशनी ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया और हर ओर भक्ति का अद्भुत माहौल बन गया।
पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ हुआ, जिसमें पारम्परिक रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में नववर्ष आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। संयोजक दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विभाग मंत्री रामचंद्र शुक्ल मौजूद रहे, जबकि विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष माता सहाय ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विशिष्ट अतिथियों में विधायक रामशंकर सिंह पटेल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
आयोजन में पंकज सिंह पटेल, आलोक सिंह, रमेश मोदनवाल, मनीष सिंह (मोनू), किशन यादव, राजेश मोदनवाल, मनोज मौर्या, रविशंकर कोल, मनोज कोल समेत अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में एकता और सांस्कृतिक उत्साह का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा