मां शीतला के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। गड़बड़ा धाम में चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को मां शीतला देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही मंदिर पहुंचने वाले भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिनभर जारी रहीं।

सुबह की आरती के साथ पूरा मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

सेवटी नदी घाट से लेकर मंदिर तक लंबी लाइन लगी रही। श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी और फूल-माला लेकर आगे बढ़ते रहे और फल-फूल, गुड़हल की माला, हलवा-पूरी अर्पित कर विधिवत पूजन किया।

पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि देर रात तक करीब 40 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, वहीं सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की गई।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम लालगंज महेंद्र सिंह, थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव समेत पुलिस बल लगातार गश्त करते रहे। मेला क्षेत्र में खरीदारी और झूलों का भी श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा