मां शीतला के दरबार में गूंजे जयकारे, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा

 


मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। गड़बड़ा धाम में चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां शीतला देवी के दर्शन के लिए भोर 04 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिनभर लगातार बढ़ती रहीं।

सुबह की आरती के साथ ही मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। दूर-दराज के गांवों और जिलों से आए श्रद्धालु मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते नजर आए। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

सेवटी नदी के घाट से लेकर शीतला मंदिर तक करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु हाथ में नारियल, चुनरी और फूल-माला लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे और माता ब्रह्मचारिणी के स्वरूप का दर्शन-पूजन किया। भक्तों ने फल-फूल, गुड़हल की माला, हलवा-पूरी व अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।

पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि दिनभर दर्शन का क्रम जारी रहा और देर रात तक लगभग 30 हजार से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके थे। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।

मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ला द्वारा सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की जा रही थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रही। सुरक्षा के मद्देनजर हलिया थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मेला क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे, जबकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।

मंदिर परिसर के बाहर लगे मेले में भी भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री, घरेलू सामान की खरीदारी की, वहीं बच्चों ने खिलौनों का आनंद लिया। पूरे दिन गड़बड़ा धाम आस्था, श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा