थाना समाधान दिवस में पहुंचीं 83 शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण

 


मीरजापुर, 26 सितंबर (हि.स.)। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को जिले के सभी थानों में लोगों की शिकायतें सुनी गईं। राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने भूमि विवाद समेत अन्य मामलों की सुनवाई कर कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। शेष मामलों के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।

जिलाधिकारी ने विंध्याचल थाने में, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन ने मड़िहान में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने पड़री में तथा अपर जिलाधिकारी ने चुनार और अहरौरा में शिकायतें सुनीं। उप जिलाधिकारियों ने कछवां, जमालपुर, हलिया और राजगढ़ तथा क्षेत्राधिकारी सदर ने चील्ह और क्षेत्राधिकारी लालगंज ने ड्रमंडगंज थाने में सुनवाई की।

जिले के थानों में कुल 83 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें कटरा में नौ में से तीन, कोतवाली देहात में सात में से दो, हलिया में पांच में से एक और मड़िहान में चार में से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान संबंधित थाना प्रभारी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में पुलिस और राजस्व विभाग के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा