थाना समाधान दिवस में सुनी गईं 281 शिकायतें, 20 मामलों का त्वरित निस्तारण
मीरजापुर, 25 जुलाई (हि.स.)। शासन के निर्देश पर शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कोतवाली कटरा, जबकि जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल थाना में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनपद के विभिन्न थानों पर राजस्व व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में भूमि विवाद समेत अन्य मामलों की सुनवाई की गई। कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया।
थाना समाधान दिवस में जिले के 18 थानों पर कुल 281 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा