सावन माह में माँ बागेश्वरी देवी मंदिर में हरियाली श्रृंगार का होगा आयोजन

 


वाराणसी, 20 अगस्त(हि. स.)। वाराणसी के जैतपुरा स्थित प्राचीन एवं पावन श्री श्री 1008 माँ बागेश्वरी देवी (स्कंदमाता) मंदिर में आगामी 21 अगस्त शुक्रवार को भव्य 'हरियाली श्रृंगार' का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ किया जाएगा। उक्त जानकारी

महंत गोपाल मिश्रा ने गुरुवार को पत्रकारों को दिया।

महंत गोपाल मिश्रा ने बताया कि सावन माह में माता रानी का दिव्य एवं मनमोहक हरियाली श्रृंगार किया जाता रहा है, इस बार भी भक्तों ने हरियाली श्रृंगार की तैयारी कर ली है। माता के हरियाली श्रृंगार के बाद विशेष आरती एवं पूजन-अर्चन संपन्न होगा। श्रृंगार दर्शन में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर पंक्तिबद्ध दर्शन के लिए आना होगा, कोई अतिरिक्त पंक्ति नहीं लगेगी। इस आयोजन की सेवईत मीना देवी को बनाया गया है। माँ बागेश्वरी देवी के दर्शन-पूजन करने तथा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य का भागी बनने के लिए भक्तों को आमंत्रित करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद