वाराणसी: काल भैरव क्षेत्र में सरकारी सीवर चेंबर से छेड़छाड़ करते युवक पकड़ा गया

 


शहर में सीवर चेंबर में बोरी भरने के विवाद के बीच नगर निगम ने कोतवाली थाने में दी तहरीर

वाराणसी,29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में सीवर चेंबर में बोरी भरने के विवाद के बीच मंगलवार को काल भैरव मंदिर क्षेत्र स्थित भांट गली में सरकारी सीवर चेंबर का ढक्कन खोलकर अवैध रूप से उसमें उतरने वाले युवक को पकड़ लिया गया। स्थानीय पार्षद की तत्परता के बावजूद तीन अन्य युवक चकमा देकर भागने में सफल रहे। घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाने में अराजक तत्वों के खिलाफ लिखित तहरीर सौंप दी है।

गौरतलब है कि गत माह भी शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत आधा दर्जन से अधिक वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान भीतर बालू की बोरियां, लकड़ी का बुरादा, पत्थर, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री ठूंसी हुई मिली थी। मुख्य लाइनों के अवरुद्ध होने से सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो करने लगा था और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। प्रथम दृष्टया इसे शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करने के एक बड़े षड्यंत्र के रूप में देखा जा रहा था।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि किसी भी गैर-विभागीय या अनधिकृत व्यक्ति द्वारा सरकारी चेंबर को खोलना अथवा उसमें उतरना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद खतरनाक भी है। यह कृत्य किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा है या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक मंशा, यह पूरी तरह से पुलिस की जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी