वाहन की टक्कर से किशोर की मौत, दो घायल
मीरजापुर, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 12 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। हादसा गुरूवार शाम करीब छह बजे उस समय हुआ, जब तीनों बाइक से मीरजापुर से चुनार स्थित एपेक्स अस्पताल जा रहे थे।
हादसे में अमरजीत (12), जगदीश (35) और निशा देवी (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने सभी को मंडलीय अस्पताल भिजवाया। वहां किशोर अमरजीत की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जगदीश और निशा देवी का मंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पड़री थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा