गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, तलाश जारी

 


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चील्ह थाना क्षेत्र के भोगांव गांव स्थित गंगा घाट पर गुरुवार सुबह नहाते समय 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में जाने से डूबकर लापता हो गया।

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश में जुटी है। जाल डालकर खोजबीन की जा रही है, जबकि एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है।

थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि गंगा में डूबे किशोर की तलाश जारी है। जल्द ही उसे ढूंढ निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा