वाराणसी में करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, बचाते समय दो युवक भी झुलसे
—खंभा हटाने के दौरान हुआ हादसा, बचाने पहुंचे युवकों को भी लगा करंट
वाराणसी, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बिजली का खंभा हटाने के दौरान करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। उसे बचाने पहुंचे दो अन्य युवक भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित फारूकी नगर निवासी शमशाद (14) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद रविवार देर रात करीब 10:30 बजे लंका क्षेत्र के नरिया इमाम चौक के पास काम करने गया था। इसी दौरान बिजली का खंभा हटाते समय वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। शमशाद को करंट की चपेट में आया देख इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू उसे बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन वे भी बिजली के करंट से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शमशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इब्राहिम और बबलू का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।
शमशाद के पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था। किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी