सामान लेने निकली किशोरी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 


मीरजापुर, 19 अगस्त (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के बसुहरा गांव के बन्हैता टोला में बुधवार को सामान लेने घर से निकली 16 वर्षीय किशोरी की अचानक मौत हो गई। किशोरी की कुछ दिन पहले ही बाहर कमाने गए भाई की भी मौत हुई थी। लगातार दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बसुहरा गांव के बन्हैता टोला निवासी माता प्रसाद उर्फ यादव बैद की 16 वर्षीय पुत्री अंजना कुमारी बुधवार को घर से कुछ दूरी पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क पर गिर गई। किशोरी के सड़क पर गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे उठाकर घर ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अंजना की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां सिलिया का रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं, घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। बताया गया कि कुछ दिन पहले ही अंजना के भाई की बाहर कमाने के दौरान मौत हो गई थी। भाई की मौत के सदमे से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि बेटी की अचानक मौत ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया।

गांव निवासी समाजसेवक राकेश सिंह ने फोन पर घटना की जानकारी दी। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिवार के अनुसार, बाद में किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में हलिया थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।

-----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा