लंबित मांगों को लेकर जीडी बिनानी कॉलेज के शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी

 


मीरजापुर, 04 नवंबर (हि.स.)। महाविद्यालय शिक्षकों की लंबित मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर जीडी बिनानी पीजी कॉलेज के शिक्षकों ने बुधवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण और अन्य शैक्षणिक कार्य करते रहे।

महासंघ की ओर से 27 अक्तूबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आंदोलन के पहले चरण में दो से चार नवंबर तक प्रदेश के सभी महाविद्यालयों के शिक्षक काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे हैं। इसके जरिए शासन का ध्यान लंबित मांगों की ओर आकर्षित कराया जा रहा है। इसी क्रम में जीडी बिनानी कॉलेज के शिक्षकों ने एकजुटता दिखाते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।

शिक्षकों ने कहा कि उनकी लंबित और न्यायोचित मांगों का समाधान उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों के सम्मान और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने महासंघ के निर्देशों के अनुसार आंदोलन के आगामी चरणों में भी भागीदारी जारी रखने की बात कही।

इस दौरान जनपदीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. राज मोहन शर्मा, प्रो. राजेश कुमार पाण्डेय, डॉ. ध्रुवजी पाण्डेय, डॉ. शशिधर शुक्ला, प्रो. आत्रेयी आद्या चटर्जी, डॉ. अखिलेश नारायण मिश्र, डॉ. राम मोहन अस्थाना, प्रो. सुशील कुमार त्रिपाठी, प्रो. वंदना मिश्रा, डॉ. ऋषभ कुमार, जेपी सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार मौर्य, वसीम अकरम अंसारी, आशुतोष सिंह, डॉ. आशुतोष कुमार तिवारी, राजीव सिंह, भरत राज, दिव्या, सरिता और डॉ. शमीम अहमद सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा