देवरिया : सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी शिक्षक खुदकुशी मामले की करेगी जांच

 




देवरिया, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बीएसए समेत कर्मियों पर प्रताड़ना समेत गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो बनाकर खुदकुशी करने वाले शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह के मामले में जिलाधिकारी ने सीडीओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। वहीं इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर गोरखपुर के गुलरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मृतक शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह देवरिया के कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय में तैनात थे। उन्हें किसी मामले में एसटीएफ की जांच के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। इस मामले में शिक्षक ने देवरिया बीएसए सहित विभागीय कुछ लोगों पर मोटी रकम लिए जाने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर खुदखुशी कर ली। मृतक गोरखपुर का रहने वाला था। जिसके चलते इस मामले में वहां गुलरिया थाने में पत्नी की तहरीर पर रविवार को केेस दर्ज कराया गया। मामले की पुलिस की जांच कर रही है।

वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए देवरिया जिलाधिकारी दिव्या मित्तल

ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में एसडीएम सदर एवं डीआईओएस को शामिल करते हुए जांच टीम गठित की है। यह टीम पूरे प्रकरण की बिंदुवार जांच कर अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करेगी। जांच की निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपित पटल सहायक संजीव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पूरे मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि समाचार पत्र के माध्यम से एक शिक्षक आत्महत्या के मामले में संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने उनकी अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। कमेटी के द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक