शिक्षक भर्ती मामला : आरक्षण घोटाले के अभ्यर्थियों का शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन, सुंदरकांड का किया पाठ
लखनऊ, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हुई 68, 500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति पर न्याय की मांग को लेकर पिछले 56 दिनों से लगातार धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने सोमवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे एकत्रित हुए अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना शुरू किया। और वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अभ्यर्थियों ने राम दरबार स्थापित कर सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ कर दिया। इसी दौरान पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को खींचकर बसों में बैठाया और लखनऊ के ईको गार्डन भेज दिया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी पिछले 55 दिनों से राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग से जारी आदेशों के अनुपालन की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए 150 में से 60 अंक (40 प्रतिशत) के आधार पर परिणाम संशोधित किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। साथ ही, आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
तूफ़ान सिंह ने बताया कि वे कई बार बेसिक शिक्षा मंत्री, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों और विभिन्न जनप्रतिनिधियों से मिलकर अपना पक्ष रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इसी कारण उन्हें पुनः शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने घोषणा की कि आज से अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल शुरू करेंगे। जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक क्रमिक भूख हड़ताल और अनवरत धरना जारी रहेगा। साथ ही, ‘दस्तक दो अभियान’ के तहत प्रतिदिन किसी न किसी जनप्रतिनिधि के आवास पर पहुंचकर न्याय की मांग उठाई जाएगी।
आंदोलन में शामिल महिला मोर्चा की प्रतिनिधि रंजना जायसवाल ने कहा कि महिला अभ्यर्थी भी लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब भर्ती में आरक्षण विसंगति का मुद्दा सामने आ चुका है और संबंधित स्तरों पर इस पर चर्चा हो चुकी है, तो सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर विसंगति दूर करनी चाहिए तथा पात्र अभ्यर्थियों को न्याय दिलाना चाहिए।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि उनका संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगति को दूर कराने, आयोगों के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने और पात्र अभ्यर्थियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए है। उन्होंने सरकार से मामले में शीघ्र निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित न्यायोचित कार्रवाई करने की मांग की।
आज के प्रदर्शन और सुंदर कांड में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, आर.पी. सिंह, आरती पटेल, विनोद प्रजापति, नसीम फरीदी, सुमन,घनश्याम, उमाशंकर गुप्ता, संजीव गुप्ता, सुभाषिनी वर्मा सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।
अभ्यर्थियों ने शुरू की भूख हड़ताल
सुन्दर काण्ड का पाठ करने वाले अभ्यर्थियों ने सोमवार दोपहर बात अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। दीपक पटेल, चित्रकूट और नशीम फरीदी, बरेली ने प्रभु श्रीराम की तस्वीर सामने रख भूख हड़ताल पर बैठे गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा