उप्र शिक्षक भर्ती मामला: अभ्यर्थियों ने मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का आवास घेरा, सौंपा ज्ञापन
-ओबीसी अभ्यर्थियों को 40 प्रतिशत अंक पर उत्तीर्ण मानकर नई सूची जारी करने की मांग, मंत्री ने न्याय दिलाने का दिया आश्वासन
लखनऊ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 में आरक्षण संबंधी विसंगति दूर करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास का घेराव किया। ‘दस्तक दो अभियान’ के तहत पहुंचे अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट देने और संशोधित परिणाम के आधार पर नई चयन सूची जारी करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश ने 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के मामले में ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट देने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने की संस्तुति की है। इसके तहत 150 पूर्णांक की परीक्षा में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को सफल मानते हुए परिणाम संशोधित किया जाना चाहिए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग की संस्तुति के अनुरूप कार्रवाई होने से ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों सहित अन्य पात्र अभ्यर्थियों को भी लाभ मिल सकेगा। उन्होंने सरकार से मामले में जल्द निर्णय लेकर संशोधित परिणाम जारी कराने की मांग की।
तूफान सिंह ने बताया कि कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ज्ञापन लेने के बाद अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। मंत्री ने इस मामले में शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बातचीत करने तथा प्रकरण का निस्तारण कराने की बात कही है। अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति की छायाप्रति भी मंत्री को सौंपी।
प्रदर्शन के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को बस में बैठाकर इको गार्डन स्थित धरना स्थल भेज दिया। प्रदर्शन में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, मोहित अहलावत, राकेश शाक्य, जगराम लोधी, दया सिंह गुर्जर, अनीता चौहान, सच्चिदानंद, नसीम, शिव कुमार प्रजापति, शिव शंकर गौड़, इशिता पाल, प्रतिमा कुशवाहा, राम प्रवेश यादव, विनोद प्रजापति और अखिल कुमार सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा