बाराबंकी : घर के कमरे में फंदे से लटका मिला अध्यापक का शव

 


बाराबंकी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सरकारी सहायक अध्यापक ने आत्महत्या कर ली। शिक्षक का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

आदर्श नगर पंचायत रामनगर के कस्बा धमेड़ी-2 में रहने वाले सुभाषकर तिवारी (32) बहराइच जिले के जरवल विकासखंड स्थित बरौलिया के परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। साेमवार काे सहायक अध्यापक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न

खुलने पर परिजनाें काे अनहोनी की आशंका हुई। परिजनाें ने दरवाजा खोलकर देखा तो सुभाषकर तिवारी कमरे के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटका देखा।परिजनाें ने उन्हें तुरंत नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रामनगर थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह व कस्बा प्रभारी सुभाष चंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर

पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी छाया तिवारी भी परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी के अलावा एक नौ वर्षीय बालक और चार वर्षीय बालिका है।

थाना प्रभारी ने बताया कि अध्यापक के आत्महत्या किए जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी