शिक्षक भर्ती : अभ्यर्थियों ने योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद के आवास घेरा, मिला आश्वासन

 




- आरक्षण विसंगति दूर कर परिणाम संशोधित करने की मांग, मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखने और कैबिनेट में चर्चा का दिया आश्वासन

लखनऊ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगति दूर करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने शनिवार को मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के लखनऊ स्थि आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने भर्ती का परिणाम संशोधित करने की मांग उठाई। इस दौरान मंत्री के आवास के बाहर ‘निषाद चाचा बाहर आओ’ के नारे गूंजते रहे। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शन के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भर्ती में आरक्षण की विसंगति के मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाया जाएगा। इसके लिए वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनसे चर्चा भी करेंगे।

मंत्री ने अभ्यर्थियों से कहा कि उनका दर्द उनका अपना दर्द है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट में अभ्यर्थियों के साथ नाइंसाफी का जिक्र किया गया है। इंसाफ मांगना हर व्यक्ति का अधिकार है और लोकतंत्र में आंदोलन के माध्यम से अपनी मांग उठाना भी लोगों का अधिकार है। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछड़ों और दलितों की समस्याओं के समाधान के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। इस मामले को कैबिनेट में चर्चा के लिए उठाकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

अभ्यर्थी भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर कर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि आयोग की रिपोर्ट के अनुरूप कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके। मंत्री से मुलाकात और आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रमुख मांग राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन, भर्ती परिणाम में आवश्यक संशोधन, पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति और जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान तूफ़ान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, राकेश साहनी, मनीष पटवा, सच्चिदानंद, आरती वर्मा सहित अन्य अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा