उप्र शिक्षक मामला : अभ्यर्थियों ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास का घेराव किया, पुलिस ने हिरासत में लिया

 


लखनऊ, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों के समाधान और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुपालन की मांग को लेकर मंगलवार को अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने आंदोलनरत अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन, लखनऊ भेज दिया।

अभ्यर्थियों ने मंत्री के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने 68500 शिक्षक भर्ती का मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्तमान में उनका आरक्षण संबंधी मुद्दा किसी न्यायालय में लंबित नहीं है।

घेराव के दौरान मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अभ्यर्थियों की जल्द मुलाकात कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही मामले के निस्तारण के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने की बात कही।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने कहा कि 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने मामले में अभ्यर्थियों के हित में संस्तुति की है, लेकिन इसके बावजूद अब तक उसका प्रभावी अनुपालन नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों के अनुसार आयोग की संस्तुति में ओबीसी वर्ग के उन अभ्यर्थियों को, जिन्होंने 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं, उत्तीर्ण मानते हुए नियमानुसार नियुक्ति देने की बात कही गई है। उनका दावा है कि इसका लाभ ओबीसी के साथ दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को भी मिल सकता है।

अभ्यर्थियों ने आयोग की संस्तुति का तत्काल अनुपालन करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने और आरक्षण संबंधी विसंगतियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जवाबदेही तय करने की मांग की।

प्रदर्शन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, अभय, मनीष, रंजना जायसवाल, नसीम फरीदी, अर्पित गोस्वामी, सच्चिदानंद, दीपक, अरविंद, धर्मेंद्र, अजीत और सुनील समेत कई अभ्यर्थी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा