स्कूल जा रहे छात्र को टैंकर ने रौंदा, मौत के बाद हाईवे पर दो घंटे जाम

 


मीरजापुर, 27 जून (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से साइकिल से स्कूल जा रहे 12 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे हाइवे पर तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।

गोपालपुर मड़गुड़ा गांव निवासी अशाेक का पुत्र यशवंत गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। शनिवार सुबह वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद वह टैंकर के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यशवंत अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर लोहे का गार्डर रखकर मार्ग जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और भीषण गर्मी में राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता की मांग पर अड़े रहे। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने उचित कार्रवाई और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद सुबह करीब 10 बजे जाम समाप्त हुआ।

थाना प्रभारी ने बताया कि टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। जबकि चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा