तौल में घटतौली करने वाले दो व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

 


मीरजापुर, 23 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर तौल में घटतौली करने वाले दो व्यापारियों के खिलाफ शनिवार को थाना संतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पडरिया खुर्द निवासी सुभाष मौर्या ने जनतादर्शन में जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए करौंदा निवासी व्यापारी अनिल पुत्र शिवशंकर समेत अन्य पर पांच किलो के बटखरे में घटतौली करने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अपर उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा बाट-माप विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसडीएम गुलाब चन्द्र के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने मौके पर जांच की, जिसमें घटतौली की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर बाट-माप निरीक्षक महेंद्र कुमार गुप्ता की तहरीर पर थाना संतनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया। व्यापारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4) तथा विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 की धारा 26 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर के निर्देशन में थाना संतनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डीएम के निर्देश पर घटतौली करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा