युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर टेबलेट वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का संकल्प है कि प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए संसाधनों की कमी न हो और उन्हें बिना किसी भेदभाव के समान अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम बनाने वाली फैक्ट्रियों से होती थी, लेकिन आज प्रदेश मोबाइल और टैबलेट निर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है। युवा डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर नवाचार, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से मतदाता बनने और अपने पांच अन्य साथियों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। स्वामी विवेकानंद के संदेश 'उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको' को आत्मसात कर युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
विकास की तरफ बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब 'कट्टा उद्योग' की छवि से निकलकर विकास, बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, मजबूत शिक्षा और लाखों सरकारी रोजगार का केंद्र बन चुका है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नकारात्मक दृष्टि के बजाय हमेशा सकारात्मक सोच अपनाएं, क्योंकि आज राज्य में मेडिकल सीटों से लेकर हर क्षेत्र में अभूतपूर्व क्रांति आई है। साथ ही, उन्होंने युवाओं को जाति, धर्म और संप्रदाय की संकीर्ण दीवारों से ऊपर उठकर एकजुट होने और उत्तर प्रदेश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रेरित किया।
युवा सशक्तीकरण और तकनीकी विकास के महामार्ग पर अग्रसर उत्तर प्रदेश
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का स्मरण करते हुए कहा कि प्रदेश की वास्तविक प्रगति युवाओं के लिए सृजित होने वाले अवसरों से तय होती है।
उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश 'बीमारू राज्य' की छवि से निकलकर आज सुदृढ़ कानून व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और मजबूत बुनियादी ढांचे के दम पर वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। वर्तमान युग में ज्ञान, कौशल और तकनीक को सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस दूरदर्शी योजना के अंतर्गत वितरित किए जा रहे टैबलेट युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और उनके कौशल को निखारने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन