ग्रीनपार्क के कायाकल्प से पहले छह सितंबर को सांसद एकादश-कानपुर एकादश के बीच टी-15 मुकाबला : रमेश अवस्थी

 


कानपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। ग्रीनपार्क के कायाकल्प से पहले छह सितंबर को सांसद एकादश और कानपुर एकादश के बीच टी-15 मुकाबला कराया जाएगा। कानपुर के खेलप्रेमियों की खेल भावना को देखते हुए यह आयोजन कराया जा रहा है। रेनोवेशन के बाद ग्रीनपार्क को करीब 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाले आधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यह बातें कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को कहीं।

छह सितंबर रविवार को शाम पांच बजे से होने वाले मुकाबले में सांसद एकादश की कप्तानी पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद युसुफ पठान करेंगे। कानपुर एकादश की कमान पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अंकित राजपूत संभालेंगे। सांसद एकादश में आनंद भदौरिया, विश्वजीत सिन्हा, दानिश अली, अभिजीत सिंह सांगा, प्रवीण खंडेलवाल, डॉ. प्रशांत यादवराॅव पाडोले, सदानंद एमएस तानावडे, सोमेंद्र तोमर, सुब्रत पाठक, सुरेंद्र मैथानी, विजय दुबे और निशिकांत दुबे के शामिल होने की संभावना है।

कानपुर एकादश में आईएएस अधिकारी अनुभव सिंह, डॉ. बलकार सिंह, अंकुर कौशिक, अभिनव जैन, संदीप कुमार, आईपीएस शुभम पटेल, आरएसओ करमवीर सिंह के साथ खिलाड़ी दीपांकर मालवीय, पूर्व यूपी खिलाड़ी सतीश जायसवाल और रेलवे के पूर्व यूपी खिलाड़ी सुनील त्रिपाठी शामिल हैं।

खेलप्रेमियों के लिए मुकाबले में प्रवेश निशुल्क रहेगा। पास स्वरूप नगर स्थित सांसद सेवा केंद्र और सांसद कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे। मुकाबले के दौरान सेलिब्रिटी कलाकार भी मौजूद रहेंगे।

रमेश अवस्थी ने बताया कि ग्रीनपार्क के पुनर्विकास के लिए संशोधित प्रस्ताव में परियोजना की अनुमानित लागत 456.94 करोड़ रुपये है। पहले करीब 350 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर काम चल रहा था। योजना के लिए 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है। स्टेडियम की दर्शक क्षमता पहले प्रस्तावित 35 हजार से बढ़ाकर करीब 55 हजार करने का लक्ष्य है।

कायाकल्प तीन चरणों में होगा। पहले चरण में सी-बालकनी, मीडिया सेंटर, प्लेयर पवेलियन, फील्ड ऑफ प्ले और स्पोर्ट्स लाइटिंग से जुड़े काम होंगे। दूसरे चरण में ईस्ट स्टैंड और तीसरे चरण में नॉर्थ-ईस्ट, नॉर्थ-वेस्ट और साउथ-वेस्ट स्टैंड विकसित किए जाएंगे।

आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, फ्लडलाइट और दर्शक सुविधाओं के साथ ग्रीनपार्क की नौ पिचों को पूर्व-पश्चिम की जगह उत्तर-दक्षिण दिशा में विकसित करने की योजना है। सैटेलाइट पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

1945 में स्थापित ग्रीनपार्क में पहला टेस्ट मैच 1952 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। 1959 में इसी मैदान पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 119 रन से हराकर पहली टेस्ट जीत दर्ज की थी। 2016 में यहां भारतीय टीम का 500वां टेस्ट मैच भी खेला गया था।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि रेनोवेशन पूरा होने के बाद ग्रीनपार्क आधुनिक सुविधाओं और करीब 55 हजार दर्शकों की क्षमता के साथ फिर खेलप्रेमियों को समर्पित किया जाएगा। इससे यहां आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय टी-20, वनडे व टेस्ट मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं बढ़ेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप