रेलवे महाप्रबंधक ने रेलखंड से स्टेशनों तक परखी व्यवस्था
- गैपुरा, मीरजापुर और नारायणपुर बाजार स्टेशनों का लिया जायजा, चुनार-चोपन रेल लाइन की डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी भी देखी
मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को प्रयागराज-नारायणपुर बाजार रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल परिचालन की व्यवस्थाओं और आधार भूत ढांचे की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को रेलपथ और अन्य परिसंपत्तियों के नियमित निरीक्षण एवं अनुरक्षण के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने रेलखंड के निरीक्षण के दौरान ट्रैक, रेलपथ, ओएचई, सिग्नलिंग व्यवस्था, पुल-पुलियों, लेवल क्रॉसिंग और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता जरूरी है। अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी मिलने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान गैपुरा स्टेशन पर नवनिर्मित भवन और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा गया। इसके बाद मीरजापुर स्टेशन पहुंचकर उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और भविष्य में बढ़ने वाली आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित विस्तार एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। नारायणपुर बाजार स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक ने चुनार-चोपन रेल लाइन से डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल समेत मंडल के अधिकारी और प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मौजूद रहे।
-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा