मीरजापुर में आग से 18 बीघा गेहूं की फसल जली

 


मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र स्थित डोहर गांव में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से सात किसानों की करीब 18 बीघा फसल नष्ट हो गई। आग से लगभग चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।घटना की जानकारी पर राजस्व विभाग की टीम ने माैके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की ।

राजस्व निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि गांव के रहने वाले श्याम सुंदर चौबे के खेत में बंधी आठ बीघा फसल में आग लगी, जो तेज हवा के कारण फैलकर आसपास के खेतों तक पहुंच गई। आग की चपेट में आकर छोटे लाल, गिरधारी, लालचंद, कमला शंकर, भाईलाल व बसंतु समेत अन्य किसानों की फसल भी जल गई। सूचना पर पुलिस व राजस्व टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया, लेकिन दमकल के पहुंचने तक अधिकांश फसल जल चुकी थी। बाद में आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के खेत बच गए।

राजस्व निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ सौ कुंतल गेहूं जलने से चार लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। नुकसान का विवरण तैयार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा