सुलतानपुर: विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप

 


सुलतानपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईंगंज क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुवार को मिला है। मृतका के पिता ने दामाद और सास-ससुर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सहिनवां निवासी राम सुन्दर वर्मा ने गोसाईंगंज थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने बेटी माला वर्मा (35) की शादी करीब 12 साल पहले गोसाईंगंज के ग्राम मलवां निवासी अनुराग वर्मा से की थी। राम सुन्दर वर्मा के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज के लिए पैसों की मांग करते थे।

तहरीर में बताया गया कि 2 जुलाई, गुरुवार को सुबह मायके वालों को फोन पर सूचना मिली कि बेटी माला ने फांसी लगा ली है। जब पिता अपनी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने बेटी का शव जमीन पर पड़ा देखा, जिसके गले में फांसी का फंदा लगा हुआ था।

पिता ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने दामाद अनुराग वर्मा, सास राजकुमारी और ससुर दिनेश वर्मा के खिलाफ नामजद शिकायत की है। पीड़ित परिवार ने गोसाईंगंज पुलिस से तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।

सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार

ने बताया कि एक महिला के द्वारा घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को घरवालों द्वारा बताया जा रहा है कि नाराजगी या शिकायत का कोई कारण नहीं था। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। इस मामले में मायके वालों ने तहरीर दी है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त