जम्मू-कश्मीर में शहीद हुआ सुलतानपुर का लाल, सैनिक सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदाई

 






सुलतानपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। देश की रक्षा करते हुए जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के अखिलेश शुक्ला शहीद हाे गये।सेना की ईएमई रेजिमेंट नायक अखिलेश शुक्ला का पार्थिव शरीर पैतृक गांव मझना पूरे वैसी का पुरवा पहुंचा। तिरंगे में लिपटे शहीद के शव आते ही पूरा इलाका शोक में डूब गया। शुक्रवार को सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी।

सुलतानपुर के अलीगंज स्थित मझना गांव में पार्थिव शरीर पहुंचने पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। अयोध्या से आए डोगरा रेजिमेंट के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ शहीद को कंधा दिया। इस दौरान 'भारत माता की जय' और 'अखिलेश शुक्ला अमर रहें' के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। नायक अखिलेश शुक्ला ईएमई रेजिमेंट में तेहगांव में तैनात थे। 28 मार्च की रात लगभग 9 बजे एक सर्च ऑपरेशन के दौरान उन्हें गोली लग गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली । शहीद अखिलेश शुक्ला के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी दो बहनों के इकलौते भाई थे।

अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद को सलामी दी। बंदूकों की गूंज और बिगुल की धुन के बीच उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम थीं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त